मुजफ्फरनगर निवासी एक युवक सोमवार को बरात लेकर शामली पहुंचा था। दोपहर को शहर के एक विवाह मंडप में शादी की रस्में चल रही थी। इसी समय मुजफ्फरनगर की एक महिला अपने परिजनों के साथ विवाह मंडप पहुंची और खुद को युवक की पत्नी बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों ने दूल्हे के साथ हाथापाई की, जिसमें उसके कपड़े तक फट गए। मारपीट में महिला के पिता को भी चोट लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शादी रुकवाते हुए दूल्हे को महिला थाने ले गई। पहली पत्नी भी परिजनों संग महिला थाने पहुंच गई।
यहां दोनों में जमकर बहस हुई। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी करीब चार साल पहले हुई थी। दहेज कम लाने को लेकर ससुराल वाले परेशान करते थे। इस कारण दो साल से वह अपने पिता के घर रह रही है। बताया कि दहेज संबंधी और खर्च संबंधी दो मामले कोर्ट में विचाराधीन है। उसने युवक पर तलाक हुए बिना दूसरी शादी करने का आरोप लगाया।
उधर, युवक पक्ष का कहना था कि उसका पहली पत्नी से तलाक हो चुका है। इसके बाद ही वह दूसरी युवती से शादी करने आया था, लेकिन बेवजह रुकावट डाली जा रही है। महिला थाना प्रभारी नीरज चौधरी ने बताया कि महिला ने युवक पर बिना तलाक के दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। इस प्रकरण की जांच चल रही है।