दुकान बंद करते समय बाइक सवार तीन बदमाश रुपयों का थैला लूटकर ले गए
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
गंगानगर। कसेरुबक्सर तिलकपुरम में बृहस्पतिवार रात दुकान बंद कर ताला लगा रहे किराना व्यापारी विपिन रस्तोगी से बाइक सवार तीन बदमाश रुपयों से भरा थैला लूटकर भाग गए। व्यापारी के मुताबिक थैले में करीब 75 हजार रुपये की नकदी थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
शिवलोक कॉलोनी निवासी व्यापारी विपिन रस्तोगी की गंगानगर थाना क्षेत्र के तिलकपुरम में गणपति किराना स्टोर के नाम से दुकान है। रोजाना की तरह वह बृहस्पतिवार रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर ताला लगा रहे थे। दो दिनों से क्षेत्र में बिजली न होने से बाजार में अंधेरा था। रुपयों, दुकान की चाबी व कुछ जरूरी कागजात थैले में थे। तभी बाइक सवार तीन बदमाश मवाना रोड की तरफ से आकर रुके। विपिन कुछ समझ पाते तभी उन्होंने रुपयों भरा थैला लूट लिया और बाजार के पीछे वाले रास्ते से भाग गए।
विपिन और आसपास के लोग उनके पीछे दौड़े। बदमाश कसेरु बक्सर के मुख्य रास्ते से होते हुए वापस मवाना रोड पर आए। वहां हड़बड़ाहट में बाइक फिसल गई। आरोपी फिर से उठे और फरार हो गए।
सूचना पर डायल 112 और गंगानगर थाना पुलिस पहुंच गई। विपिन के मुताबिक, थैले में पूरे दिन की दुकानदारी के रुपये थे। इसके अलावा कुछ भुगतान सेल्समैन को देना था, मगर बारिश के चलते वह नहीं आया था। इसी वजह से थैले में करीब 75 हजार रुपये थे। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देख रही है। वहीं, पीड़ित ने गंगानगर थाने में तहरीर दी है।
केसरु बक्सर चौराहे पर नहीं थी पुलिस पिकेट
लोगों के मुताबिक, काफी समय से रात में केसरु बक्सर चौराहे पर पुलिस पिकेट की तैनाती नहीं होती है। केवल दिन के समय ट्रैफिक पुलिस के दो सिपाही नजर आते है। लोगों का आरोप है कि दो दिनों से बिजली नहीं होने से बाजार में अंधेरा था। वहीं, पुलिस पिकेट भी नहीं थी। फैंटम की गश्त भी न के बराबर होती है।
-
तलाश में तीन टीम लगीसीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि व्यापारी रुपये का थैला बराबर में रखकर ताला लगा रहा था। बाइक सवार उसे उठा ले गए। तीन टीमों का गठन किया गया है, आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। बदमाशों को पकड़ कर जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।