- फुटबाल प्रीमियर लीग में छठे दिन खेला गया एक मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। जिला फुटबाल संघ की ओर से आईआईएमटी के खेल मैदान में आयोजित फुटबाल प्रीमियर लीग में शुक्रवार को एक मुकाबला खेला गया। यह मैच इंटरनेशनल फुटबाल एकेडमी और मेरठ यूथ फुटबाल एकेडमी के बीच हुआ। इसमें मेरठ यूथ फुटबाल एकेडमी ने 2-0 से शानदार जीत प्राप्त की और टूर्नामेंट में बढ़त बनाई।
पहले हाफ के 12वें मिनट में मेरठ यूथ फुटबाल एकेडमी के छोटे ने शानदार गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद इंटरनेशनल फुटबाल एकेडमी की ओर से भी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और बराबरी करने की कोशिश की। मैच के पहले हाफ में मेरठ यूथ एकेडमी एक गोल से आगे रही। दूसरे हाफ के 71वें मिनट पर मेरठ यूथ फुटबॉल एकेडमी को पेनल्टी मिली। इसमें देव ने पेनल्टी को सफलतापूर्वक गोल बदलकर टीम को 2-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। यह मुकाबला अंत तक काफी टक्कर का रहा।
मैच से पूर्व मुख्य अतिथि दिवाकर ओझा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरूआत कराई। मैच के दौरान मुख्य निर्णायक की भूमिका आकाश भटनागर, मोहम्मद दानिश, आशीष रावत और आर्यन तोमर ने निभाई। मेरठ फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव ललित पंत ने जानकारी दी कि शनिवार को मुकाबला आईआईएमटी यूनिवर्सिटी और इंटरनेशनल फुटबॉल एकेडमी के बीच शाम 4:30 बजे खेला जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि लीग का आयोजन सिद्धार्थ राठी और गौरव तोमर द्वारा किया जा रहा है। सभी मैच स्पोर्ट्स नगरी यूट्यूब चैनल पर प्रसारित किए जा रहे हैं। इसके ऑनर सत्यम तोमर हैं।