भूड के मैदान में चल रही रामलीला में रामलीला मंचन करते कलाकार। ( मवाना)
मवाना। नगर और आसपास के क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को राम लीलाओं का भव्य आयोजन हुआ। भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रेरणादायी एवं मार्मिक प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया। इन लीलाओं को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
भूड़ के मैदान स्थित श्री रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित मंचन में कलाकारों ने अपनी सशक्त अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मंचन के दौरान मारीच द्वारा सोने का मृग बनने और उसका वध करने का दृश्य दिखाया गया। लंकापति रावण द्वारा माता सीता का हरण किया गया। इसके बाद रावण और जटायु के बीच भीषण युद्ध हुआ। इन दृश्यों को देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। पश्चात श्रीराम और सुग्रीव की प्रगाढ़ मित्रता तथा बाली वध के प्रसंगों का आकर्षक मंचन किया गया।
उधर, गुड़ मंडी में श्री रामलीला एवं शिव मंदिर कमेटी ने स्क्रीन के माध्यम से लीला का मंचन किया। इसमें खर-दूषण वध एवं सीता हरण की लीला का सजीव व डिजिटल प्रदर्शन हुआ, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसी क्रम में जूनियर हाई स्कूल के पास स्थित मैदान में श्री आदर्श रामलीला कमेटी द्वारा भी पर्दे पर रामलीला का प्रसारण किया गया। इसमें भगवान श्रीराम के वनवास गमन और माता सीता के हरण के करुणामयी दृश्यों का मंचन हुआ। सभी मंचन स्थलों पर श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही और संपूर्ण वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान रहा।