100 रुपये के स्टांप पर बेची गई ग्राम पंचायत की भूमि
बहसूमा। ग्राम पंचायत सैफपुर फिरोजपुर में ग्राम पंचायत की जमीन को बेचने के मामले में बृहस्पतिवार को न्याययिक तहसीलदार जांच के लिए गांव में पहुंचे। तहसीलदार ने जांच में ग्राम पंचायत की जमीन को 50 और 100 रुपये के स्टांप पर बेचा जाना पाया। उन्होंने अपनी रिपोर्ट बनाकर अधिकारी को भेज दी है।
सैफपुर फिरोजपुर की ग्राम प्रधान संगीता रानी व उनके पति जितेंद्र कुमार ने एसडीएम मवाना से पूर्व ग्राम प्रधान पर फर्जीवाडे से ग्राम पंचायत की सैकड़ों बीघा भूमि बेचने की शिकायत की थी। बृहस्पतिवार को न्याययिक तहसीलदार जांच करने पहुंचे। न्याययिक तहसीलदार रामचंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत की भूमि 50 रुपये व 100 रुपये के स्टंाप पर बेची गई है। उन्होंने बताया कि भूमि के बेचे जाने में चकबंदी विभाग की संलिप्ता भी सामने आ रही है। भूमि पर एडीएम का स्थगन आदेश भी है। चकबंदी विभाग में चले जाने के बाद चकबंदी विभाग की जिम्मेदारी होती है। पूरे मामले की जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।