आज गांवों में प्रधानों की पांच साल के लिए सरकार बनेगी। इसकी तैयारियों को शनिवार शाम तक ही पूर्ण कर लिया गया। आला प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों ने इस बाबत सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जोर इस बात पर है कि कहीं भी किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
सभी केन्द्रों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। मतगणना सुबह सात बजे से जिले के 12 ब्लाकों में 456 टेबल पर 1824 कर्मचारी करेंगे। प्रत्येक टेबल पर चार-चार कर्मचारी लगाए गए हैं। उम्मीद है कि पहला चुनाव परिणाम सुबह 9:00 बजे तक आ जाएगा और रात 9:00 बजे तक अंतिम परिणाम घोषित हो जाएगा। इसके लिए विवि में शनिवार को भी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
मतगणना के दौरान जिले भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। टीयर गैस से जवान लैस रहेंगे, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी लगाई गई हैं। शहर में आरएएफ तैनात रहेगी। विजयी जुलूस और हर्ष फायरिंग करने वालों पर तत्काल एक्शन होगा। प्रत्येक ब्लाक के मतगणना स्थल पर एक डिप्टी एसपी/एडिशनल एसपी, दो थाना प्रभारी, 10 सबइंस्पेक्टर, 10 एचसीपी, 47 सिपाही, आठ महिला कांस्टेबल, 64 होमगार्ड, 10 पीआरडी जवान, 20 चौकीदार, एक सेक्शन पीएसी, एक टियर गैस, एक फायर सर्विस, एक ट्रैफिक पुलिस का सिपाही तैनात किया जाएगा।
ग्राम पंचायत संबंधी सभी थाना क्षेत्रों में दो-दो दरोगा और 10- 10 सिपाही रिजर्व में रखे गए हैं। किसी भी स्थिति से निपटने या आवश्यक ता पड़ने पर एक कंपनी आरएएफ को रिजर्व कर दिया गया है। एसपी देहात कैप्टन एमएम बेग ने बताया कि गड़बड़ी पर थाना प्रभारी जिम्मेदार होंगे। संवेदनशील स्थानों पर ड्र्रोन कैमरे की भी मदद ली जाएगी। मतगणना स्थलों पर 200 मीटर दूरी तक कोई भी वाहन नहीं आने दिया जाएगा।