फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राज्यपाल राम नाईक ने डॉक्टरों को दिया अच्छे स्वास्थ्य का फार्मूला, इन टॉपर्स को मिले मेडल

Fri, 01 Mar 2019 09:04 PM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
राज्यपाल रामनाईक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मुजफ्फरनगर में बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के तीसरे दीक्षांत समारोह में राज्यपाल रामनाईक ने डॉक्टर्स को डिग्री और मेडल के साथ अच्छे स्वास्थ्य का फार्मूला भी दिया। डॉक्टरों को आहार-विहार और व्यायाम की सलाह दी। ज्ञान में सतत वृद्धि और मरीजों से ठीक व्यवहार की सीख के साथ 268 में से 194 डॉक्टर्स को डिग्री प्रदान की गई।

विज्ञापन

 
राज्यपाल रामनाईक शुक्रवार दोपहर करीब 1.40 बजे मुजफ्फरनगर स्थित बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने 2009, 2010 और 2011 बैच के एमबीबीएस और एमडी के 12 टॉपर्स को मेडल और डिग्री दी। राज्यपाल ने कहा कि डिग्री ले रहे डॉक्टर्स के जीवन का यह महत्वपूर्ण पड़ाव है। माता-पिता का आभार जताएं, जिन्होंने तुम्हारे पंखों में ताकत दी। अब उन्हें अपनी ताकत के दम पर आगे बढ़ना है। लोगों की सेहत के साथ अपने स्वास्थ्य का भी ख्याल रखें। आहार-विहार और व्यायाम को अपनाएं। बचपन में किए सूर्य नमस्कार का परिणाम है कि वह 85 वर्ष की आयु में भी खड़े होकर बोल पा रहे हैं। डॉक्टर्स विज्ञान की प्रगति को ध्यान में रख अपने ज्ञान में बढ़ोतरी करते रहें। मरीजों से अच्छा व्यवहार करें। सप्ताह में एक दिन समाज के लिए भी कार्य करें। सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं में भी सहयोग दें। जीवन में कभी विफलता मिले तो उसके कारणों का विचार करें और फिर से प्रयास करें। कार्यक्रम के अध्यक्ष चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नरेंद्र कुमार तनेजा ने कहा कि डिग्री ले रहे डॉक्टर्स के लिए यह ऐतिहासिक अवसर है। आमतौर पर राज्यपाल विश्वविद्यालय स्तर के दीक्षांत समारोह में शामिल होते हैं, लेकिन महाविद्यालय स्तर पर टॉपर्स को डिग्री देना अविस्मरणीय है। उन्होंने डॉक्टर्स को अनिंदित आचरण की दीक्षा दी।

इससे पूर्व, कॉलेज अध्यक्ष एवं विधायक नितिन अग्रवाल, गौरव स्वरूप, राघव स्वरूप, डा. अनिल अग्रवाल, संजय गुप्ता, डा. प्राची शुक्ला ने राज्यपाल और कुलपति का स्वागत किया। प्राचार्य डा. कर्नल राणा सुरेंद्र सिंह ने कॉलेज की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। डा. अनिल अग्रवाल, डा. मनीष अरोरा, डा. वीना शर्मा, डा. परमजीत सिंह, डा. सुमनलता, डा. भारती माहेश्वरी, जितेंद्र सिंघल, महाप्रंबधक पीआर डा. अरशद इकबाल, पराग गर्ग आदि मौजूद रहे। 

इन टॉपर्स को दिए मेडल 
राज्यपाल रामनाईक ने एमबीबीएस 2009 बैच के नितिन शर्मा, मोनिका पुंडीर और दीपिका, 2010 बैच की विशाखा, शबा खान और सुमित अग्रवाल, 2011 बैच के अजय सहरावत, देवाशीष गुप्ता और कमल मावी को क्रमश: स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किए। एमडी की डॉ शना रहमान को स्वर्ण, डा. दिनेश चौहान को रजत और स्वाति तिवारी को कांस्य पदक दिया गया। अजय सहरावत प्रत्येक वर्ष के एक-एक गोल्ड और थर्ड प्रोफेशन पार्ट-2 का एक सिल्वर पदक भी दिया गया। वह मेडिकल कॉलेज में ही कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात हैं।
विज्ञापन

शब्दों में सीख और व्यवहार में सादगी 
राज्यपाल के शब्दों में सीख और व्यवहार में सादगी की झलक दिखी। करीब 35 मिनट के अपने संबोधन में उन्होंने डॉक्टर्स को राइटिंग सुधारने को कहा। मुस्कुराते हुए फोटो खिंचाने की बात कही। अपनी लिखी किताब चरैवेति चरैवेति का जिक्र किया। हमेशा चलने रहने का संदेश दिया। अपने गुरु के द्वारा बताए चार मंत्रों मुस्कुराते रहो, सराहना करो, किसी की अवमानना न करो और जो भी काम करो उसे अच्छा करने का प्रयास करते रहो को जीवन में उतारने को कहा।
 
भारतीय पोशाक में हो दीक्षांत समारोह 
राज्यपाल रामनाईक ने कहा कि दीक्षांत समारोह में पहना जाने वाला गाउन अंग्रेजों की देन है। दीक्षांत समारोह में भारतीय पोशाक पहनी जानी चाहिए।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें