मेरठ। ढड़रा गांव में विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) जनजागरण अभियान के तहत शुक्रवार को चौपाल का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि बागपत सांसद राजकुमार सांगवान ने संवाद कर उन्हें मिशन के बारे में जानकारी दी। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने और हर हाथ को काम देने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।
डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि पहले के 100 दिनों के मुकाबले अब 125 दिनों की मजदूरी रोजगार की गारंटी दी गई है। इस मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार को बढ़ावा देना और ग्रामीणों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना में दिव्यांगों, बुजुर्गों, महिलाओं, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि हर हाथ को काम और हर घर में समृद्धि ही इस मिशन का मूल लक्ष्य है। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीणों को रोजगार के लिए शहरों की ओर पलायन न करना पड़े, बल्कि उनके अपने गांव में ही आजीविका के साधन उपलब्ध हों।
-