कन्फेक्शनरी से 70 हजार और पड़ोसी दुकान से हजारों का माल ले गए चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। कस्बे में शुक्रवार देर रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने पहले कन्फेक्शनरी दुकान का ताला तोड़कर करीब 70 हजार रुपये का सामान चोरी किया। इसके बाद पड़ोसी की कन्फेक्शनरी दुकान की दीवार में कुंबल कर अंदर घुसे और हजारों रुपये का सामान समेट ले गए। शनिवार सुबह चोरी का पता चलने पर दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
दौराला निवासी राहुल जैन ने दौराला थाने पर दी तहरीर में बताया कि पड़ोसी सोनू की कन्फेक्शनरी की दुकान है। शुक्रवार देर रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा करीब 70 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। इसके बाद चोर उनकी दुकान की दीवार में कुंबल कर अंदर दाखिल हुए और हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। दोनों दुकानों से करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी होने की बात सामने आई है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।