नंगलामल गांव में नकली नोट देकर सामान
खरीदने पहुंचे दो युवक, एक को दबोचा
मुंडाली (मेरठ)। वेस्ट यूपी में नकली नोटों का अवैध कारोबार जारी है। मुंडाली क्षेत्र के नंगलामल गांव में सोमवार शाम ऐसे ही गिरोह से जुड़े दो युवक नकली नोट लेकर दुकान पर पहुंचे। शक होने पर एक युवक फईम को लोगों ने पकड़कर पीटा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से छह हजार रुपये के नकली नोट भी मिले हैं। वहीं, उसका एक साथी जुबेर फरार हो गया। पुलिस गिरोह के बारे में जानकारी जुटा रही है। पकड़े गए आरोपी बुलंदशहर के हैं।
बाइक सवार दो युवक किराना की दुकानों पर 100-100 और 500-500 के नकली नोट सप्लाई कर रहे थे। नोट देकर वह दुकानदारों से गुटखा और अन्य सामान खरीदते थे और बाकी रकम लेकर चले जाते थे। सोमवार शाम शक होने पर दुकानदार कुशलपाल ने नकली नोट पहचान लिया। कुशलपाल ने यह नोट देेने वाले का हुलिया बताकर दूसरे दुकानदार शाहनवाज को सूचना दी। इसी बीच, दोनों युवक शाहनवाज के पड़ोसी बाबू की दुकान पर जा पहुंचे। यहां एक युवक बाइक स्टार्ट किए खड़ा रहा और दूसरे ने 100 का नोट देकर गुटखा मांगा। तभी शाहनवाज वहां पहुंच गए और उन्होंने युवक को दबोच लिया। साथी के पकड़े जाने पर दूसरा युवक बाइक पर भाग निकला। दुकानदारों ने पकड़े गए युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 6000 रुपये नकली नोट मिले। बाद में कुछ लोगों ने युवक की पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए आरोपी का नाम फईम और उसके फरार साथी का नाम जुबेर निवासी फैसलाबाद बुलंदशहर बताया गया है। सीओ किठौर अमित कुमार राय का कहना कि पुलिस गैंग का पता लगाने में लगी है।
---
पहले भी पकड़े जा चुके हैं नकली नोट
- जिले में इससे पहले गंगानगर, मेडिकल और भावनपुर पुलिस नकली नोट सप्लाई करने कुछ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बावजूद यह अवैध कारोबार बंद नहीं हो रहा है।