जाट समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन में 150 जोड़ों की शादी की बात आगे बढ़ी
- समारोह में 10 राज्यों से समाज के 500 परिवार पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। जाट समाज की ओर से रविवार को गढ़ रोड स्थित जाट भवन में युवक युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें उत्तर भारत से समाज के 500 परिवार पहुंचे। 150 से अधिक जोड़ों के रिश्ते की बात आगे बढी। इसमें मुख्य अतिथि जाट आरक्षण समिति के अध्यक्ष एचपी सिंह परिहार ने कहा कि अच्छे संस्कारों से ही रिश्ते अच्छे और मजबूत बनते हैं।इसलिए उन्हें अच्छे संस्कार दें। बेटियों को खूब पढ़ाए और आगे बढ़ाएं।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एचपी सिंह परिहार व जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने किया। संस्था के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र तोमर ने बताया कि समाज की ओर से 18 साल से पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस बार पूरे उत्तर भारत के करीब 10 प्रांतों से युवक-युवतियों के पंजीकरण हुए। इनमें से 500 से ज्यादा परिवार कार्यक्रम में शामिल हुए। एक दूसरे से बात की और उन्हें जाना। जिसके बाद करीब 150 परिवारों ने बेटे-बेटियों के रिश्ते की बात आगे बढ़ाई है।
गौरव चौधरी ने समाज के लोगों से बिना दहेज के शादी करने की अपील की। जाट महासभा के अध्यक्ष कर्नल एसपी सिंह ने शादी विवाह में अनावश्यक खर्च बंद करने पर जोर दिया। उन्होंने शादी विवाह सादगी से करने और फिजूल खर्च से बचने की अपील की। चाैधरी अमन सिंह ने कहा कि आजकल रिश्ते जल्दी टूट रहे हैं जो बेहद चिंताजनक बात है। इस पर मंथन करना चाहिए। अच्छे संस्कारों से ही रिश्ते लंबे चलते हैं। समारोह में देवी सिंह, कृष्णपाल तोमर, कार्यक्रम में मेजर जनरल एसएस अहलावत, प्रवक्ता सुशील ढ़ाका समेत आदि लोगों ने विचार रखे। कार्यक्रम में विनेश तोमर, जयराज, ब्रह्मपाल सिंह, सत्यवीर सिवाच, जितेंद्र धामा आदि मौजूद रहे।
जाट भवन में आयोजित युवक युवती परिचय सम्मेलन में शामिल लोग