आशुतोष भारद्वाज
मेरठ। एशिया के सबसे बड़े स्वर्ण बाजार के रूप में पहचाने जाने वाले मेरठ के पुराने सराफा बाजार के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है। वर्षों से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। गेल गैस लिमिटेड इंडिया ने सराफा बाजार में पीएनजी गैस पाइपलाइन बिछाने की तैयारी पूरी कर ली है। प्रारंभिक निरीक्षण के बाद अब सुरक्षा व्यवस्थाओं और लाइन बिछाने के कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके लागू होते ही करीब 2500 सराफा उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा।
अब तक आभूषण निर्माण में एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर सराफा उद्योग जल्द ही पाइपलाइन गैस से संचालित होगा। इससे न केवल कामकाज अधिक सुरक्षित होगा, बल्कि उत्पादन लागत में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। मेरठ बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर रस्तोगी ने बताया कि नील गली, कागजी बाजार, सराफा बाजार और आसपास के आभूषण क्लस्टर क्षेत्रों का प्रारंभिक तकनीकी सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। जल्द ही विस्तृत सर्वे शुरू किया जाएगा, जिसके बाद पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने इस पहल को सराफा उद्योग के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों को आर्थिक लाभ के साथ-साथ स्थायी और सुरक्षित ऊर्जा समाधान मिलेगा। चैंबर फॉर डेवलपमेंट एंड प्रमोशन ऑफ एमएसएमई के सचिव आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि यह योजना गेल गैस के राष्ट्रीय पीएनजी अभियान 2.0 के अंतर्गत लाई जा रही है, जिससे पांच वर्षों से चली आ रही सराफा व्यापारियों की मांग अब पूरी हो सकेगी।
आभूषण निर्माण में डेढ़ गुना तक कम लगेगा ईंधन
बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के महामंत्री डॉ. संजीव अग्रवाल ने बताया कि पीएनजी गैस से आभूषण निर्माण में ईंधन की खपत लगभग डेढ़ गुना तक कम हो जाएगी। इससे उत्पादन लागत घटेगी और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी। सबसे अहम बात यह है कि पीएनजी पाइपलाइन में हर दूसरे कनेक्शन पर चेक वाल्व लगाया जाएगा, जिससे आग लगने का खतरा लगभग समाप्त हो जाएगा। मौजूदा समय में प्रयुक्त एलपीजी सिलेंडर न केवल महंगे हैं, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी जोखिम भरे साबित होते हैं। उन्होंने बताया कि गेल गैस द्वारा 15 मीटर तक कारखानों के अंदर आंतरिक डाउनस्ट्रीम पाइपिंग की निःशुल्क स्थापना की जाएगी। इसके अलावा उपकरण सुरक्षा जमा राशि, तृतीय पक्ष निरीक्षण शुल्क सहित विभिन्न मदों में प्रति कनेक्शन करीब 50 हजार रुपये तक की बचत होगी। कुल मिलाकर आगरा की तर्ज पर मेरठ के सराफा उद्योग को निःशुल्क पीएनजी कनेक्शन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की सुविधा मिलेगी, जिससे सोने की चमक के साथ कारोबार भी नई ऊंचाइयों को छुएगा।