सरधना। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा निवासी आरिफ पुत्र बदरूद्दीन के घर बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। आरोपी अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व 20 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए। दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रही है।
कस्बा हर्रा निवासी आरिफ ने बताया कि बुधवार को वह पत्नी के मायके में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। शाम को लौटे तो उसके घर का ताला टूटा हुआ मिला। कमरे में रखी सेफ अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व 20 हजार रुपये गायब थे। दिन में ही चोरी की घटना से उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी डायल 112 पर दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमराें की जांच की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।