खरखौदा। पुलिस की शुक्रवार रात कैली के जंगल में खासपुर संपर्क मार्ग पर गोकशों से मुठभेड़ हो गई। जिसमें पुलिस की गोली एक गोकश के पैर में जा लगी तथा दूसरे को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीन गोकश फरार हो गए। पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। आरोपियों ने तीन दिन पहले गांव जलालपुर में गोकशी करना स्वीकार किया है।
सीओ किठौर ब्रजेश कुमार के अनुसार खरखौदा थाना प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल के नेतृत्व में रात में पुलिस टीम कैली-खासपुर संपर्क मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। जानकारी मिली कि उसी रोड पर गन्ने के खेत में कुछ लोग गोवंश के आने का इंतजार कर रहे हैं। जिस पर पुलिस ने गन्ने के खेत को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस को देखते ही उन लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जिसमें एक गोकश को पैर में गोली लग गई तथा दूसरे को दबोच लिया। इसी बीच तीन गोकश फरार हो गए। घायल ने अपना नाम मोमीन उर्फ पापड़ पुत्र फारुख निवासी अजराड़ा थाना मुंडाली व दूसरे ने आस मोहम्मद पुत्र जमील निवासी आड़ बताया। पुलिस ने उनसे एक-एक तमंचा, बाइक व गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने घायल मोमीन को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया। वहीं, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने गैंग बना रखा है। वे अलग-अलग थाना क्षेत्र में गोकशी की वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले जलालपुर के जंगल में भी गोकशी की थी। वहीं, फरार साथियों के नाम शाबिर पुत्र अंग्रेज निवासी हाजीपुर, इकबाल उर्फ चीनी निवासी अल्लीपुर व शाहरूख पुत्र मोमीन निवासी घोसीपुर बताया।
मोमीन व आस मोहम्मद पर र्कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार मोमीन के खिलाफ मुंडाली व खरखौदा क्षेत्र में गोकशी, आर्म्स एक्ट तथा गुंडा एक्ट समेत 21 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आस मोहम्मद के खिलाफ थाना खरखौदा में पांच मामले दर्ज हैं।
वर्जन
खरखौदा पुलिस की गोकशों से मुठभेड़ हुई है। जिसमें एक गोकश को पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया है। फरार बदमाश भी जल्द दबोच लिए जाएंगे।-ब्रजेश कुमार, सीओ किठौर