खरखौदा। एक माह पहले थाने के समीप आम के बाग में हुई गोकशी को लेकर पुलिस एक आरोपी की तलाश में गांव गोविंदपुरी पहुंची। टीम ने जैसे ही आरोपी को पकड़ा परिजनों और अन्य ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया। पुलिस से अभद्रता और धक्का मुक्की कर आरोपी को छुड़ाकर भगा दिया। पुलिस ने मामले में पांच नामजद सहित 40 अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बा खरखौदा में थाना से कुछ दूूरी पर डीएवी डिग्री कॉलेज के सामने एक आम के बाग में गत 12 फरवरी को गोकशों ने करीब 20 आवारा गोवंशों का कटान कर मीट ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव गोविंदपुरी निवासी रियाजुद्दीन उर्फ बबलू पुत्र रहीश को गोकशी का आरोपी बनाया गया था। मंगलवार रात पुलिस ने गांव गोविदपुरी में आरोपी के घर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को मौके से पकड़ लिया। जब टीम आरोपी को लेकर चली तो उसके पिता रहीश, उसके चाचा जकरिया, रहूफ और तैमूर निवासी पीलपीखेेड़ा सहित करीब 40 अज्ञात महिला व पुरुषों ने पुलिस का घेराव कर लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस से धक्का मुक्की और गाली गलौज कर अभियुक्त को छुड़ाकर भगा दिया। इस मामले में पुलिस ने पांच नामजद सहित 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में सीओ किठौर रामानंद कुशवाहा से बात की गई तो उन्होंने दबिश देने की बात से इनकार कर दिया।