जीएनएम छात्राओं ने दी आत्मदाह की चेतावनी
परतापुर। एडमिट कार्ड नहीं मिलने को लेकर कालका डेंटल कालेज की जीएनएम की छात्राओं ने मंगलवार को भी एचओडी को बंधक बना प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। हंगामे की स्थिति को देखते हुए कालेज परिसर में पुलिस बल तैनात रहा।
कालका डेंटल कालेज के जीएनएम के छात्र-छात्राएं 15 सितंबर से होने वाली परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं। मंगलवार को छात्र-छात्राओं ने चेतावनी दी कि अगर वह परीक्षा से वंचित रहे तो कालेज प्रांगण में ही आत्मदाह कर लेंगे जिसकी जिम्मेदारी कालेज प्रशासन की होगी। छात्र नेता प्रदीप कसाना का कहना है कि छात्रों के भविष्य को अंधकार में नहीं जाने दिया जाएगा। देर रात तक भी कालेज प्रशासन से छात्र हित में कोई आश्वासन नहीं मिलने पर धरना जारी रहा। इस दौरान छात्र नेता सम्राट मलिक, मनीष चपराना, प्रशांत कसाना, आलम, खालिद आदि मौजूद रहे।