संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर में अशोक की लाट पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर रविवार को साप्ताहिक पैंठ में खरीदारी करने आई गांव निवासी दो युवतियों से भीड़ का फायदा उठाकर मनचलों ने छेड़छाड़ कर दी। पीड़िताओं के शोर मचाने पर आरोपी भीड़ का लाभ उठाते हुए मौके से भाग गए।
पीड़ित युवतियों के अनुसार वह अशोक की लाट के पास साप्ताहिक पैंठ में सामान खरीद रही थीं। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ युवकों ने उनका हाथ पकड़कर अभद्रता की। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें धमकी दी और शहीद द्वार की ओर भाग निकले। घटना के बाद दोनों युवतियां पुलिस चौकी पहुंचीं लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजन युवतियों को अपने साथ ले गए। थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। वहीं, आसपास के दुकानदारों का कहना है कि पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी अक्सर नदारद रहते हैं, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि थाने में छेड़छाड़ की कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।