मेरठ में दुष्कर्म की घटना सामने आई है। जहां एक काेचिंग सेंटर में छात्रा से एक युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने एसएसपी ऑफिस में दिए पत्र में गर्भवती होने की बात भी कही है। वहीं मेरठ के कंकरखेड़ा में भी ऐसी घटना हुई। दहेज की मांग न पूरी होने पर मंगेतर ने दुष्कर्म कर शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
मेरठ क्षेत्र के एक कोचिंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्रा ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी ऑफिस में दिए पत्र में गर्भवती होने की बात भी कही है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने सीओ ब्रह्मपुरी को जांच कर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी छात्रा क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। सेंटर पर उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए जिसमें वह गर्भवती हो गई।
युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने इन्कार कर दिया। युवती ने आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मंगेतर पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
वहीं मेरठ के कंकरखेड़ा में भी ऐसी ही घटना सामने आई है। दहेज की मांग न पूरी होने पर मंगेतर ने दुष्कर्म कर शादी से इनकार कर दिया। एसएसपी ऑफिस पहुंची युवती ने अपने मंगेतर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि मंगेतर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी करने से इनकार कर रहा है। पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि सरधना निवासी एक युवक से उसका रिश्ता तय हुआ था। 26 जून को उनकी गोद भराई की रस्म भी हो गई थी। तीन दिसंबर को शादी होनी थी। आरोप है कि सगाई के बाद से ही युवक युवती से फोन पर बात करने लगा और एक दिन उनके घर आया और युवती के साथ संबंध बनाए। अब युवक दहेज में कार, तीन लाख रुपये की नगदी, जेवर व अन्य कीमती सामान की डिमांड कर रहा है। डिमांड पूरी नहीं होने पर रिश्ता तोड़ने की धमकी दे रहा है।
मामले में पीड़िता ने आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। उधर, युवक भी अपने पिता के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचा और युवती का किसी अन्य युवक के साथ अफेयर चलने का आरोप लगाया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है।