मेरठ के गंगानगर निवासी एक युवक के घर के बाहर युवती ने हंगामा कर दिया। उसने आरोप लगाया कि युवक ने उससे शादी और शारीरिक संबंध बनाने के बाद छोड़ दिया है। वह युवक के साथ रहने की जिद करते हुए पूरी रात वहीं बैठी रही। मंगलवार दोपहर थाने में युवक के खिलाफ तहरीर दी गई।
मध्यप्रदेश के बनीपुरा सौपा गांव निवासी युवती गुरुग्राम स्थित एक कंपनी में नौकरी करती है। उसने बताया कि तीन वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात गंगानगर के एफ-ब्लॉक निवासी युवक से हुई। यह युवक भी गुरुग्राम में ही काम करता है।
युवती का दावा है कि प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने शादी कर ली थी। आरोप है कि शारीरिक संबंध बनाने के बाद युवक ने उसे छोड़ दिया। इससे गुस्साई युवती सोमवार रात गंगानगर पंहुच गई। हां युवक के साथ रहने की जिद करते हुए हंगामा कर दिया।
हंगामा बढ़ने पर युवक के परिजन घर का ताला लगाकर चले गए। महिला पूरी रात आरोपी के घर के बाहर बैठी रही। पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए दो पुलिसकर्मी मौके पर तैनात कर दिए।
मंगलवार को पुलिस और स्थानीय लोगों ने समझाकर उसे गंगानगर थाने भेज दिया। उसने तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि उसके पास शादी से संबंधित फोटो भी हैं। सीओ सदर पूनम सिरोही एवं इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह ने जिद पर युवती को समझाते हुए कार्रवाई का आश्वासन देकर घर भेजा।
वहीं इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कोर्ट में तलाक का मामला चल रहा है। अगर युवती को युवक के साथ रहना है तो उसे कोर्ट में ही प्रार्थना पत्र देना होगा। फिर कोर्ट के आदेशानुसार पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।