शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव तावली में अपनी कनपटी से तमंचा सटा आत्महत्या करने की धमकी दे रहे युवक से उसकी बहन ने तमंचा छीनने का प्रयास किया। इसी छीना झपटी में तमंचे से चली गोली लगने से उसकी बहन की मौत हो गई। घटना के बाद युवक फरार हो गया। पिता की तहरीर पर युवक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या करने का मामला दर्ज किया गया है।
घटना में मारी गई युवती आबिदा (22) पुत्री यासीन थाना शाहपुर के गांव तावली की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि यासीन का पुत्र तहसीम पिछले कई माह से गोकशी के मामले में वांछित चल रहा है। बुधवार को उसकी तलाश में पुलिस ने भी दबिश दी थी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला था। गुरुवार सुबह वह घर पहुंचा तो परिवारीजनों ने उसे कोर्ट में पेश होने को कहा, इसी बात पर उसकी परिवारीजनों से कहासुनी हो गई, जिसके बाद वह घर में रखा तमंचा उठा लाया और अपनी कनपटी से सटाकर खुद को गोली मारने की धमकी देने लगा।
आबिदा तमंचा छीनने की कोशिश की थी, इसी दौरान गोली चल गई और गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामला परिवार का ही था, परिवारीजनों ने आनन फानन में शव को दफनाने का प्रयास किया, लेकिन किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दे दी, जिस पर पुलिस भी पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।