घायल बच्ची को अस्पताल में कराया भर्ती, पुलिस को दी तहरीर
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। लिसाड़ी गेट के नीचा सद्दीक नगर में शरारती युवकों ने सात साल की बच्ची जारा के चेहरे के पास लोहे की नाल में भरकर गंधक-पोटाश
का पटाखा छोड़ दिया। इससे बच्ची का चेहरा झुलस गया। आरोपी युवक मौके से भाग गए। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन ने लिसाड़ी गेट थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। नीचा सिद्दीनगर में रिजवान अपने परिवार के साथ रहते हैं और कोल्ड स्टोर में नौकरी करते हैं। बुधवार शाम रिजवान की बेटी जारा घर से स्टेशनरी का सामान खरीदने के लिए गई थी। जब वह सामान लेकर लौट रही थी तो मोहल्ले के रहने वाले सात-आठ युवक गंधक पोटाश को लोहे की नाल में भरकर पटाखा छोड़ रहे थे। आरोप है जैसे ही बच्ची उनके पास से निकली, एक युवक ने उसे पकड़ लिया। बच्ची जोर जोर से चिल्लाने लगी।
तभी अन्य युवक ने बच्चे के मुंह पर पटाखा छोड़ दिया। इससे बच्ची झुलस गई। बच्ची के रोने पर आरोपी भाग और लोग वहां एकत्रित हो गए। लोगों का कहना है कि कई दिन से कुछ युवक प्रतिबंध के बावजूद लोहे की नाल में गंधक-पोटाश भरकर छोड़ रहे हैं। परिजन का कहना है कि बच्ची का चेहरा काफी झुलस गया है। बच्ची को जिला अस्पताल से मेडिकल के लिए रेफर किया गया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।