रोहटा। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने एसएसपी से शिकायत करते हुए छेड़छाड़, मारपीट और तेजाब डालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने शिकायत पत्र में बताया कि 11 सितंबर की सुबह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए वह लाइब्रेरी जा रही थी। रास्ते में गांव के ही तीन युवकों ने बाइक पर पीछा किया और अश्लील फब्तियां कसते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज व मारपीट की। आरोप है कि युवती का दुपट्टा खींचते हुए खेत में खींचने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी गालियां देते हुए चेहरे पर तेजाब डालकर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता ने हेल्पलाइन पर शिकायत की, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं और कार्रवाई होने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे वह और उसका परिवार भयभीत है। पीड़िता ने एसएसपी से कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए थाना पुलिस को निर्देश दिए।