छेड़छाड़ से परेशान युवती घर में रहने को मजबूर
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र की पॉश कालोनी निवासी एक युवती शुक्रवार को परिजनों के साथ एसएसपी आफिस पहुंची। उसने बताया कि पड़ोस का युवक उससे छेड़छाड़ करता है। वह उसे लगातार परेशान कर रहा है। शुरुआत में वह उसे नजरअंदाज करती रही, लेकिन अचानक उसकी मनमानी बढ़ गई। कुछ समय पहले उसने इस बात की शिकायत अपने परिजनों से की। परिजनों ने युवक के परिवार तक मामला पहुंचाया तो युवक को मांफी मांगनी पड़ी।
कुछ दिन तक सब सामान्य रहा, लेकिन पिछले 15 दिन से युवक ने सारी हद पार कर दी है। घर से बाहर निकलने पर पीछा करता है। रास्ते में रोकने का प्रयास करता है। कभी-कभी तो वह अपने दोस्तों को लेकर घर के सामने ही आकर खड़ा हो जाता है। उसे डर है कि वह उसके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकता है।
सीओ अमित राय ने युवती को न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और मेडिकल पुलिस से फोन पर बात की। यहां से युवती को उन्होंने मेडिकल थाने भेज दिया। उन्होंने युवक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।