यूपी में मुजफ्फरनगर जिले के कुशीनगर से करीब पांच माह पूर्व फरार अलग-अलग समुदाय के प्रेमी युगल को लेकर शहर में बखेड़ा खड़ा हो गया। पंजाब से यहां आकर अधिवक्ता के साथ निकाह करने जा रहे प्रेमी युगल को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने सब्जी मंडी से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाने में युवती ने पुलिस को धर्म परिवर्तन करने की जानकारी देते हुए प्रेमी संग ही रहने की जिद पर अड़ी रही।
शहर कोतवाली क्षेत्र के भगतसिंह रोड स्थित सब्जी मंडी से हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अपने अधिवक्ता के साथ जा रहे अलग-अलग समुदाय के प्रेमी युगल को संदिग्ध हालात में देख पकड़कर पुलिस को सौंपा। युवती मांग में सिंदूर लगाने के साथ ही बुर्का भी पहने हुई थी, जिसने पूछताछ में अपना नाम नीशू गुप्ता पुत्री शिवधारी और प्रेमी का नाम आरिफ अली पुत्र लियाकत अली निवासीगण गांव गहड़िया, थाना तुर्कपट्टी जिला कुशीनगर बताया। पूछताछ में युवती ने बताया कि दोनों करीब पांच माह पूर्व प्रेम प्रसंग के चलते घर से फरार हो गए थे। इस दौरान वे पंजाब में रहते रहे, जहां से किसी के कहने पर वे यहां आकर एक अधिवक्ता से मिले, जिनके साथ वे निकाह करने के लिए शहर काजी के घर जा रहे थे। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में युवती ने धर्म परिवर्तन करते हुए अपना नाम आलिया रखने की जानकारी देते हुए प्रेमी आरिफ अली के साथ ही रहने और उससे निकाह करने की इच्छा जताई। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए उसे निकाह के लिए ले जाने वाले अधिवक्ताओं के साथ ही शहर काजी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।