रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई क्लस्टर-19 एथलेटिक्स मीट (गर्ल्स) का दूसरा दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना (मेरठ)। मवाना खुर्द स्थित रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल में चल रही सीबीएसई क्लस्टर-19 एथलेटिक्स मीट (गर्ल्स) के दूसरे दिन शुक्रवार को छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भाला फेंक, लंबी कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक के साथ-साथ 200 मीटर, 600 मीटर और 800 मीटर दौड़ का आयोजन हुआ।
प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग में भाला फेंक में गिन्नी और लंबी कूद में दिया सैनी ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-19 की 200 मीटर दौड़ में अवनी प्रथम, 800 मीटर दौड़ में तनु कुमारी प्रथम, 4x400 मीटर रिले दौड़ में देव मेमोरियल पब्लिक स्कूल की छात्राएं वंशिका अधाना, जिया संधू, काव्य शर्मा, विशेषता संधू और आयुषी अधाना ने पहला स्थान पाया।
अंडर-17 वर्ग में 800 मीटर दौड़ में आरिका यादव, 200 मीटर दौड़ में आकृति पांडे, भाला फेंक में रिया खरायात, लंबी कूद में खुशी और गोला फेंक में ईशू मावी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 4x400 मीटर रिले दौड़ में जेपी पब्लिक स्कूल की पलक तोमर, दिशा तोमर, अनुश्री सराधना, तनिष्का धामा और लक्षिका की टीम ने प्रथम स्थान पाया।
अंडर-14 वर्ग की 600 मीटर दौड़ में प्रियांशी, 200 मीटर दौड़ में नहल जुनेजा और भाला फेंक में शगुन ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस मौके पर सीबीएसई पर्यवेक्षक संजय चौहान, प्रधानाचार्य डॉ. शिवानी सिंह, उप प्रधानाचार्य निशांक त्यागी, मार्केटिंग हेड साजन काकरान, एथलेटिक्स मीट प्रबंधक अनु कुमार और क्लस्टर इंचार्ज अमित सूद ने विजेताओं एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया।