सुशांत सिटी सेक्टर पांच में दो बदमाशों ने की वारदात, मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र की सुशांत सिटी सेक्टर पांच में डिलिवरी ब्वॉय ब्रहमपुरी निवासी कृष्ण बंसल से दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर घी, स्कूटी और मोबाइल लूट लिया। गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी मौके पर दौड़े लेकिन बदमाश वारदात कर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ब्रहमपुरी निवासी कृष्ण बंसल एक ऑनलाइन ग्रॉसरी स्टोर में डिलिवरी ब्वॉय का काम करता है। मंगलवार रात कृष्ण सुशांत सिटी सेक्टर पांच में घी की डिलिवरी देने के लिए गया था। गेट पर पहुंचने के बाद कृष्ण बंसल ने डिलिवरी मैन ने ग्राहक को फोन किया। ग्राहक ने कुछ देर रुकने के लिए कहा। इस दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और कृष्ण को घेर लिया। बदमाशों ने कृष्ण की कनपटी पर तमंचा लगा दिया और घी के डिब्बे, मोबाइल और इलेक्ट्रिक स्कूटी लूट ली। पुलिस ने बदमाशों को तलाशने का प्रयास किया। लेकिन उनका कोई अता-पता नहीं चला। कृष्ण ने टीपीनगर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों को गिरफ्तार कर जल्द खुलासा किया जाएगा।