आदित्य बंसल हत्याकांड : व्यापारी ने आरोपियों पर धमकाने और पुलिस जांच पर उठाए सवाल
मोदीनगर। मानवतापुरी कॉलोनी में हुए 11 वर्षीय आदित्य बंसल हत्याकांड में परिजनों ने आरोपियों में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत की। परिजनों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए एसआईटी जांच कराने की मांग की। वहीं, पुलिस पर केस कमजोर करने का आरोप लगाकर तहसील के वकील हड़ताल पर रहे।
27 अप्रैल की रात व्यापारी संजीव बंसल के 11 वर्षीय बेटे आदित्य का अपहरण करके हत्या कर दी गई थी। अपहरण व हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था। बच्चे के चाचा अधिवक्ता मोहित बंसल का कहना है कि पुलिस की ढीली विवेचना के चलते उनका केस कमजोर हो गया है। इससे कई आरोपी जमानत पा चुके है और उनके परिवार को खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले मेें सोमवार को तहसील के सभी अधिवक्ता हड़ताल पर रहे और एसडीएम डीपी सिंह से मिले। वकीलों ने एसडीएम से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और और केस की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी को सौंपा जाए। वकीलों ने ज्ञापन भी सौंपा। एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान अमित नेहरा, अमरदीप नेहरा, संजय मुद्गल, अजय शर्मा, दयाराम गौतम, सचिन आदि मौजूद रहे।