बीटेक छात्र हॉस्टल में फंदे पर लटका मिला
मुरादनगर। काइट कॉलेज के एक बीटेक छात्र शनिवार को एक प्राइवेट हॉस्टल में फंदे पर लटका मिला। छात्र कॉलेज के सामने स्थित एक कॉलोनी में प्राइवेट हॉस्टल में रह रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक के पिता यूपी पुलिस में कांस्टेबल हैं।
इलाहाबाद में कालंदीपुरम निवासी आदित्य नारायण मिश्रा यूपी पुलिस में कांस्टेबल हैं। फिलहाल वह मिर्जापुर में तैनात हैं। उनका बेटा शिवानंद मिश्रा (21) काइट कॉलेज से बीटेक कर रहा है। वह कॉलेज के सामने असालतनगर की फ्रेंडस कॉलोनी में व्हाइट हाउस हॉस्टल के कमरा नंबर एफ-23 में रहता था। शिवानंद के रूम पार्टनर रितांश ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे शिवानंद बिना बताए कमरे से चला गया। शाम पांच बजे हॉस्टल में चाय पीने का समय होता है। 4:30 बजे शिवानंद की तलाश शुरू की। हॉस्टल का खाली रूम नंबर एफ-17 खाली था, दोस्त उसकी तलाश करते कमरा नंबर 17 के पास पहुंचे तो देखा तो रूम अंदर से बंद है। आवाज नहीं आने पर छात्रों ने मिलकर कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। अंदर शिवानंद पंखे से लटका हुआ था। कमरे में बेड पर शिवानंद का मोबाइल, चश्मा और चार्जर मिला है। एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि पंचनामा भर छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। कमरे में ताला लगा दिया है। परिजनों के आने पर कमरे की तलाशी ली जाएगी। पुलिस हॉस्टल में रहने वाले छात्रों से पूछताछ कर रही है। काइट कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि शिवानंद पढ़ने में होशियार था। फर्स्ट ईयर में 86 प्रतिशत अंक आए थे।