मोदीनगर में हारून हत्याकांड में गिरफ्तार पत्नी नरगिस
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी हारून की हत्या
मोदीनगर। आबिदपुर मानकी गांव में 27 अक्तूबर को चालक हारून की हत्या उसकी पत्नी नरगिस ने अपने प्रेमी आश मोहम्मद के साथ मिलकर की थी। वह दोनों के प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहा था। रविवार को पुलिस ने खुलासा करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। आश मोहम्मद हारून का ममेरा भाई है।
हारून बुधवार रात घर से लापता हो गया था। अगले दिन सुबह गांव के जंगल में उसका गला रेता हुआ शव बरामद हुआ था। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस को जांच में हारून की पत्नी नरगिस की गतिविधि संदिग्ध मिली। कॉल डिटेल से मिली जानकारी के बाद नरगिस का प्रेम प्रसंग उजागर हो गया। पुलिस ने नरगिस और उसके प्रेमी आस मोहम्मद को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती दिखाने पर सच्चाई उगल दी। नरगिस का प्रेमी आस मोहम्मद मृतक हारून का ममेरा भाई है।
ऐसे दिया हत्याकांड को अंजाम
आस मोहम्मद ने बताया कि हारून आए दिन नरगिस को परेशान करता था। रिश्तेदारी होने के कारण उसका हारून के घर आना जाना था। इस दौरान उसके और नरगिस के बीच प्रेम संबंध हो गए। हारून उनके प्रेम में बाधक बन रहा था। जिसके बाद दोनों ने करीब एक माह पूर्व हत्या की साजिश रची। आस मोहम्मद ने बुधवार रात 8 बजे फोन कर हारून को अपने घर बुलाया। नरगिस भी चुपचाप पीछे-पीछे वहां पहुंच गई। हारून को नशीली चाय पिलाकर उसे बेहोश कर दिया गया। बेहोश होने के बाद नरगिस ने हारून के सिर में डंडा मारा और आस मोहम्मद ने छुरे से उसका गला रेत दिया। इसके बाद हारून का शव ई-रिक्शा में रखकर में जंगल में फेंक आए। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त छुरा और ई-रिक्शा बरामद कर लिया गया है।