गंगनहर पटरी मार्ग पर दो कारों की टक्कर में एक की मौत, दो घायल
मोदीनगर। निवाड़ी थानांतर्गत गंगनहर पटरी मार्ग पर सौंदा पुल के पास शनिवार की रात दो कारों की टक्कर में एक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। घायलों को मोदीनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पटरी मार्ग पर जाम लग गया।
मोदीनगर स्थित सीकरी कलां गांव निवासी रामप्रकाश शर्मा का भतीजा आलोक शर्मा काफी समय से बीमार चल रहा है। शनिवार को रामप्रकाश अपनी पत्नी मीना के साथ आलोक को उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले गए थे। देर रात वह कार से गंगनहर पटरी मार्ग से होते हुए वापस लौट रहे थे। जैसे ही गंगनहर पटरी मार्ग स्थित सौंदा पुल से पहले पहुंचे तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने रामप्रकाश शर्मा को मृत घोषित कर दिया। दूसरी कार में आठ लोग सवार थे, घटना के बाद वो कार छोड़कर फरार हो गए। हादसे के दौरान मार्ग पर जाम लग गया। थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने कहा है कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।