प्रधान के विजय जुलूस में हुई फायरिंग, वीडियो वायरल
मोदीनगर। भोजपुर थानांतर्गत जहांगीरपुर गांव में नवनिर्वाचित प्रधान द्वारा विजय जुलूस निकालने का मामला सामने आया है। जुलूस के दौरान अवैध हथियार से फायरिंग भी की गई। मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
शनिवार को सोशल मीडिया पर प्रधानी चुनाव के बाद विजय जुलूस निकालने का एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो भोजपुर थानांतर्गत जहांगीरपुर गांव का बताया जा रहा है। वीडियो में भारी भीड़ विजयी प्रत्याशी के जिंदाबाद के नारे लगा रही है। जश्न में डूबे समर्थक द्वारा तमंचे से फायरिंग भी की जा रही है। जुलूस में कोविड नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। चर्चा है कि मामला पहले से पुलिस के संज्ञान में था। मगर पुलिस पूरे मामले पर मौन थी। शनिवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई। कार्यवाहक थानाध्यक्ष शीलेन्द्र सिंह का कहना है कि वीडियो जहांगीरपुर गांव का बताया जा रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।