मृतक अक्षय सांगवान के घर के बाहर फायरिंग
मोदीनगर। नगर का चर्चित अक्षय हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में आ। बुधवार रात कुछ अज्ञात लोगों ने मृतक अक्षय के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की। आरोपी एक धमकी भरा पत्र भी फेंक गए। जिसमें पैरवी करने पर परिवार को मौत के घाट उतारने की धमकी दी गई। घटना से परिवार दहशत में है। पीड़ित परिवार ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
तिबड़ा रोड स्थित कृष्णाकुंज में बीते साल 24 अगस्त को घर से बुलाकर अक्षय सांगवान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। घटना में कई रसूखदार नामजद होने से हत्याकांड सुर्खियों में आ गया था। पुलिस ने हत्याकांड में करीब 15 आरोपियों को जेल भेजा। मृतक अक्षय सांगवान के पिता ने बताया कि देर रात अज्ञात लोगों ने घर के बाहर पिस्टल से फायरिंग की। आरोप है कि बदमाश एक धमकी भरा पत्र उनके घर के बाहर फेंक गए, जिसमें अक्षय हत्याकांड की पैरवी करने पर परिवार को मौत के घाट उतारने की धमकी दी। घटना के बाद से मृतक का परिवार दहशत में है। मृतक अक्षय सांगवान के पिता जितेंद्र ने थाने में घटना की तहरीर दी। मोदीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जयकरण सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। टीम गठित कर दी गई है।