सड़क हादसे में युवक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
मोदीनगर। भोजपुर थानांतर्गत हापुड़ मार्ग स्थित फजलगढ़ गांव के समीप काम से लौट रहे एक बाइक सवार युवक की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के विरोध में गुस्साए मृतक के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मुआवजे की मांग को लेकर बुधवार को कार्यदायी संस्था के कार्यालय पर जोरदार हंगामा प्रदर्शन किया।
जनपद हापुड़ के गांव मिल्क धौलाना निवासी 26 वर्षीय दर्शन कुमार पुत्र देशपाल निर्माणाधीन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे में कार्यदायी एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बताया गया कि मंगलवार शाम दर्शन बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह भोजपुर थानांतर्गत फजलगढ़ गांव के पास पहुंचा तभी अचानक किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दर्शन कुमार की मौत हो गई। बुधवार को मृतक के परिजन ग्रामीणों के साथ भोजपुर थानांतर्गत कार्यदायी संस्था के कार्यालय पहुंचे और हंगामा करते हुए यार्ड का बैरियर गिराकर आने-जाने वाले वाहनों को रोक दिया। हंगामा कर रहे लोगों को कहना था कि मृतक यहां नौकरी कार्य करता था। सूचना देने के बावजूद उसे उपचार दिलाने में लापरवाही की गई। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि वह ड्यूटी पर था, इसलिए पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जाए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची भोजपुर पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया।