बेकाबू कार डिवाइडर से टकराई, एक की मौत
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बीती देर रात एक ऑल्टो कार कादराबाद के समीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर विपरीत दिशा में जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक परिवार के चार बच्चों समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए तथा एक की मौत हो गई। परिवार रिश्तेदार की शादी में शरीक होकर वापस लौट रहा था।
जनपद मेरठ के सरूरपुर खुर्द निवासी नरेश कुमार अपने दो भाई गजेंद्र तथा सत्यप्रकाश तथा भांजे चीनू और चार छोटे बच्चों के साथ मोदीनगर के सीकरी खुर्द निवासी रिश्तेदार के यहां शुक्रवार को शादी समारोह में आए थे। शादी में शरीक होने के बाद पूरा परिवार देर रात ऑल्टो से घर लौट रहा था। कार जैसे ही दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित कादराबाद गांव के आगे पहुंची तभी डिवाइडर पर चढ़कर उछलते हुए विपरीत दिशा में जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार आठों लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई। जहां नरेश 30 वर्ष को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी घायल गजेंद्र, सत्यप्रकाश, चीनू तथा चारों बच्चों को हायर सेंटर के रेफर कर दिया गया। उनमें से कई की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
नरेश की मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि नरेश विवाहित थे और उनके तीन बेटियां हैं। वहीं आशंका है कि कार डिवाइडर से टकराने के बाद विपरीत दिशा में चली गई, जहां किसी वाहन से टकराई और भीषण हादसा हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।