हिस्ट्रीशीटर ने रंगदारी के मामले में गवाह को दी धमकी
मुरादनगर। करीब आठ माह पूर्व सिहानी थाने में दर्ज हुए रंगदारी के मुकदमे में हिस्ट्रशीटर बदमाश ने मुख्य गवाह को वीडियो कॉल कर जान से मारने की धमकी दी है। धमकी के बाद से पीड़ित ने अपने को घर में कैद कर लिया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से हिसाली गांव निवासी संजीव त्यागी परिवार समेत बसंतपुर सैंथली स्थित लैंडक्राफ्ट सोसायटी में रहते हैं, वह राष्ट्रीय परशुराम परिषद के प्रदेश मंत्री है। बताया कि सितंबर 2022 में गाजियाबाद लोहियानगर निवासी रोमिल ऑबराय ने सिहानी गेट गाजियाबाद में 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें मुरादनगर निवासी संजीव त्यागी मुख्य गवाह है, बृहस्पतिवार को संजीव त्यागी ने तहरीर दी है, थानाक्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बदमाश गवाही न देने का दबाव बना रहा है, आरोप है कि गवाही देने पर हिस्ट्रीशीटर ने जान से मारने की धमकी दी है। बताया कि मेरे मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई, कॉल उनकी बेटी ने रिसीव किया, आरोपी ने गाली देनी शुरू कर दी। हिस्ट्रीशीटर ने धमकी दी है कि अगर गवाही दी तो अंजाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।