चिकित्सक के अप्वाइंटमेंट के नाम पर 74 हजार रुपये ठगे
मोदीनगर। साइबर अपराधियों ने मोबाइल हैक करने, विद्युत कनेक्शन काटने का डर दिखाकर ठगी करने के बाद अब एक नया तरीका ईजाद किया है। शातिर अब चिकित्सक से अप्वाइंटमेंट के नाम पर लोगों के खाते खाली कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नगर की भगवान गंज मंडी निवासी रविंद्र कुमार के साथ देखने को मिला है। शातिरों ने चिकित्सक से अप्वाइंटमेंट के नाम पर उनसे 74 हजार रुपये ठग लिए।
रविंद्र कुमार ने बताया कि उनका पुत्र बीमार चल रहा है। उन्होंने अपने पुत्र के उपचार के लिए जिले के एक नामी चिकित्सक के यहां दिखाने के लिए नंबर लगवाया था, उन्हें 18 अगस्त का अप्वाइंटमेंट मिला। निर्धारित तिथि को उन्होंने चिकित्सक के राजनगर स्थित क्लीनक पर कॉल की तो वहां पता लगा की उनका रजिस्ट्रेशन नहीं है। वहां से रजिस्ट्रेेशन के लिए एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करने के बाद तीन बार में उनके खाते से 74 हजार रुपये शातिरों ने निकाल लिए। बैंक से मेसेज आने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। मंगलवार को रविंद्र ने घटना की तहरीर दी है।