सड़क सुरक्षा के लिए रोडवेज चालकों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों की सेहत पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को वाहन चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सोहराब गेट पर मेडिकल कैंप का शुभारंभ किया। कैंप में रोडवेज बस चालकों समेत अन्य वाहन चालकों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
इसका शुभारंभ एसपी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव और रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने संयुक्त रूप से किया। एसपी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वाहन चलाने वाले व्यक्ति का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना बेहद जरूरी है। चालक की जरा सी लापरवाही या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी सड़क पर बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसी कारण चालकों काे नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान वाहन चालकों को पर्याप्त नींद लेने और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बीच-बीच में विश्राम करने की सलाह दी गई। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और थकान या अस्वस्थता की स्थिति में वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया गया।