अग्निशमन और बिगड़ती विद्युत व्यवस्था से नाराज व्यापारी एसडीएम से मिले, आंदोलन की दी चेतावनी
-कस्बे में स्थायी फायर स्टेशन खोलने की मांग, दो अतिरिक्त दमकल वाहन मांगे
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर में अग्निशमन सुविधाओं के अभाव में आग की घटनाओं में हो रहे आर्थिक नुकसान और लगातार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में गुस्सा है। इसे लेकर व्यापारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौपा। व्यापारियों ने कस्बे में स्थायी फायर स्टेशन की स्थापना, अतिरिक्त फायर ब्रिगेड वाहनों की तैनाती और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
सरधना व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज जैन के नेतृत्व में व्यापारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर बताया कि सरधना जैसे बड़े कस्बे में फायर स्टेशन नहीं होने से आग लगने की घटनाओं में समय पर राहत नहीं मिल पाती। जब तक आग बुझाई जाती है जब तक व्यापारियों का बहुत अधिक नुकसान हो जाता है। आम लोगों को भी भारी नुकसान होता है। हाल ही में हुई आग की कुछ घटनाओं के बारे में व्यापारियों ने बताते हुए कहा कि स्थायी फायर स्टेशन की स्थापना आवश्यक हो गई है।
व्यापारियों ने कहा कि जब तक फायर स्टेशन की स्थापना नहीं हो जाती, तब तक नगर में कम से कम दो अग्निशमन वाहनों की स्थायी तैनाती की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
व्यापारियों ने बिजली व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि लगातार बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने उर्जा निगम से तकनीकी खामियों को दूर कर नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। व्यापार मंडल ने प्रशासन से दोनों मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में पंकज जैन, आतिशय जैन, आकाश जैन, पंकज टाली, सौरभ जैन, हनी कुमार, अभिषेक जैन, अरविंद जैन और राजेंद्र पहलवान शामिल रहे।