माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। आजाद हिंद फौज के जनरल, पूर्व केंद्रीय मंत्री, मेरठ से चार बार सांसद रहे शाहनवाज खान की 112वीं जयंती पर शनिवार को वेस्टर्न यूपी चैंबर भवन बांबे बाजार में कार्यक्रम हुआ। इसमें जनरल शाहनवाज खान के चित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उन्हें याद किया गया।
पूर्व मंत्री चौधरी राजपाल सिंह ने कहा कि शाहनवाज खान ने लाल किले से ब्रिटिश यूनियन जैक उतारकर पहली बार भारतीय तिरंगा फहराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सिवाल खास से विधायक गुलाम मोहम्मद ने कहा कि आजादी के बाद शाहनवाज खान राजनीति में सक्रिय हुए और 1952 में मेरठ से सांसद चुने गए। उन्होंने केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों का कार्यभार भी संभाला।
शाहनवाज खान के पुत्र आदिल शाहनवाज ने बताया कि 1983 में उनके पिता के निधन पर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इसे देश की अपूरणीय क्षति बताया था। उनकी इच्छा के अनुसार उन्हें लाल किले के पास जामा मस्जिद के निकट पूरे राजकीय सम्मान के साथ दफनाया गया था। इस दौरान विधायक रफीक अंसारी, पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, बाबर चौहान खरदौनी, सलीम महराज, शोएब गयास, शारिफ खान, सलीम अहमद, राजकुमार प्रधान, जयराज चपराना और जावेद खान आदि मौजूद रहे।