जीसीए और युवा क्रिकेट एकेडमी का जीत से आगाज
- गेम सिटी एरेना में शुरू हुआ 7वां जूनियर अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। किला रोड स्थित गेम सिटी एरेना क्रिकेट मैदान में बृहस्पतिवार से सातवां जूनियर अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हुआ। इसमें जीसीए और युवा क्रिकेट एकेडमी की टीम ने मैच जीतकर शानदार शुरूआत की।
पहला मुकाबला जीसीए क्रिकेट एकेडमी और एलीट क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ। एलीट क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। पूरी टीम केवल 129 रन पर ही सिमट गई। राघव ने शानदार बल्लेबाजी कर 52 रन बनाए। जीसीए के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। गरवित, मुबीन, आरव तोमर और अंश मित्तल ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीसीए क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 23 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। अंश मित्तल ने शानदार 40 रन बनाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। एलीट के लिए अक्षित और पार्थ खुराना ने तीन-तीन विकेट लिए।
दूसरा मैच बीडीएस क्रिकेट एकेडमी और युवा क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ। बीडीएस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 33.1 ओवर में 160 रन बनाए। अंश चौहान ने शानदार प्रदर्शन कर 73 रनों की पारी खेली। युवा क्रिकेट एकेडमी की ओर से अभिमन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए युवा क्रिकेट एकेडमी ने 20.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 162 रन बनाकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। गुरजीत ने 48 रन और प्रतीक ने 38 रन का योगदान दिया। अभिमन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर गेम सिटी एरेना के महाप्रबंधक नलिन अग्रवाल ने सभी को बधाई दी।