दौराला। कस्बे के लक्ष्मी प्लाजा मार्केट के पास बुधवार को खुदाई कार्य के दौरान आईजीएल कंपनी की गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पाइपलाइन फटते ही तेज दबाव के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
नगर पंचायत के ठेके पर जल निगम के कर्मचारी और मजदूर खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान लापरवाही के चलते जमीन में दबाई गई गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। देखते ही देखते गैस का रिसाव बढ़ने लगा और हाईवे किनारे मौजूद दुकानदारों व राहगीरों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। सूचना मिलते ही वार्ड-7 के पार्षद रोहित मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व आईजीएल गैस विभाग को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस और आईजीएल की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद पाइपलाइन को दुरुस्त कर गैस रिसाव पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।