दौराला। सकौती के मदारीपुर गांव स्थित एचपी गैस एजेंसी का गैस बुक करने का नंबर हैक करने का मामला प्रकाश में आया है। नंबर हैक करने से जहां उपभोक्ताओं के खाते से रुपये उड़ाए जा रहे है, वहीं जानकारी मिलने पर एजेंसी संचालक ने कंपनी को मामले की जानकारी दी है। मंगलवार को एजेंसी संचालक ने पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी है।
मंडौरा निवासी गजेंद्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश की मदारीपुर में विद्या एचपी गैस एजेंसी है। गजेंद्र ने बताया कि कुछ दिन से गैस बुक करने के लिए जारी किए गए नंबर में उपभोक्ताओं द्वारा शिकायतें आ रही थी। जब वह उपभोक्ताओं को कॉल करते है तो सब कुछ सही रहता है, लेकिन जब उपभोक्ता गैस बुक करने के लिए कॉल करता है तो हैकर द्वारा उनसे यूपीआई आईडी के माध्यम से दो रुपये डालने की बात कहीं जाती है। इस तरह के कई मामले में सामने आए है, जिसमें उपभोक्ताओं के खातों से रुपये निकला लिए गए हैं। बताया कि इस मामले में कंपनी को अवगत कराया गया है। नंबर बंद कर दूसरा नंबर जारी करने के लिए प्रार्थना पत्र भेजा गया है। मंगलवार को एजेंसी संचालक ने दौराला थाना पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।