वैलेंटाइन वीक के तहत मंगलवार को प्रेमी युगलों और विवाहित जोड़ों ने प्रॉमिस डे सेलिब्रेट किया। सभी ने एक दूसरे से जीवनभर साथ रहने और सुख दुख बांटने का वादा किया। कई नवविवाहित जोड़ों ने सात फेरों के दौरान किए गए वायदों को फिर से दोहराया और सरप्राइज गिफ्ट भी दिए।
हर साल 11 फरवरी को प्रॉमिस डे मनाया जाता है। प्रॉमिस डे अपने आप में इसलिए भी अहम है क्योंकि प्रेम के रिश्ते भरोसे पर ही टिके होते हैं। इसमें वायदों को ताउम्र निभाने की अहमियत होती है। ऐसे में मंगलवार को प्रेमियों ने अपने प्रेम को ताउम्र निभाने के वादे किए। अपने जीवनसाथी को विश करने के लिए लोगों ने उन्हें उपहार के साथ मैसेज भी भेजे। ‘वादा है हमारा, न छोड़ेंगे कभी साथ तुम्हारा, गए अगर तुम हमें भुलाकर, ले आएंगे पकड़कर हाथ तुम्हारा’। दिनभर अपने प्रिय के समक्ष उनके साथियों ने अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया। बहुत से लोगों ने सात फेरों में ली गई कसम को याद किया। इसके बाद बुधवार को हग डे मनाया जाएगा। इसके बाद किस डे और फिर प्रेम पर्व का अंतिम दिन वैलेंटाइन डे (14 फरवरी) को युवा उत्साह के साथ मनाएंगे।
फूलों से सजेंगे होटल और रेस्टोरेंट
वैलेंटाइन डे को लेकर ज्यादातर होटल और रेस्टोरेंट थीम डेकोरेशन की तैयारी कर रहे हैं। ज्यादातर रेस्टोरेंट को लाल और पिंक गुलाब से सजाया जाएगा। प्रमुख बाजारों और शोरूम में भी डेकोरेशन की जाएगी। आबूलेन, सदर, गढ़ रोड स्थित प्रमुख होटल और रेस्टोरेंट में कैंडल लाइट डिनर का आयोजन किया जाएगा। वहीं, शॉपिंग मॉल में वैलेंटाइन डे पर युवा जोड़ों के लिए खास तैयारी है।
बाजारों में बढ़ी खरीदारी
वैलेंटाइन डे से तीन दिन पूर्व ही बाजारों में रौनक लौट आई है। ज्यादातर लोग गिफ्ट खरीद रहे हैं। ऐसे में जूते, कपड़े, कॉस्मेटिक, आर्टिफीशियल ज्वैलरी, गैजेट, मोबाइल, घड़ी आदि की सेल बड़ी हैं। सदर, आबूलेन, बेगमपुल और शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में व्यापारियों के अनुसार, आम दिनों के मुकाबले ग्राहकों की संख्या में इजाफा हुआ है।