मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर में शनिवार रात दिल्ली से कूड़ा लेकर आ रहे एमसीडी के ट्रक में भरा कूड़ा बारिश और तेज हवा के चलते दिल्ली रोड़ पर बिखर गया। सड़क पर गिरे कूड़े में फिसलकर एक ऑटो पलट गया और कई बाइक सवार सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। बताया गया कि मोदीनगर के कादराबाद से यह कूड़ा ट्रक से गिरता आ रहा था।
विज्ञापन
शनिवार रात 9 बजे मोहिउद्दीनपुर में दिल्ली रोड़ पर सैनी होटल के सामने दिल्ली से मेरठ की ओर आ रहे एमसीडी के एक ट्रक से कूड़ा सड़क पर गिर गया। बारिश के चलते लगभग एक ट्राॅली कूड़ा छोटे और बड़े वाहनों की चपेट में आने के कारण सौ मीटर दूर तक सड़क पर फैल गया। इसी दौरान मोहिउद्दीनपुर से परतापुर जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक व एक अन्य युवक चोटिल हो गए। इसके अलावा कई बाइक सवार कूड़े की चपेट में आकर फिसल गए। पास के होटल पर मौजूद लोगों ने बाइक सवार को उठाकर रवाना किया।