गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी में गैंगस्टर रूबी की हत्या के मामले में आरोपी विकास ने हादसे के 14 साल पुराने मुकदमे में सरेंडर कर दिया। अदालत ने आरोपी को जमानत दे दी लेकिन जमानती नहीं मिलने के कारण न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अदालत में अगली सुनवाई एक नवंबर को होगी।
मूलरूप से सरधना के मछरी गांव का रहने वाला आरोपी विकास 2011 में शहर के महालक्ष्मी एंक्लेव में रहता था। दो दिसंबर 2011 को नई मंडी थाना क्षेत्र में मयूर महल बेंक्वेट हॉल के सामने स्कॉर्पियो ने रिक्शा में टक्कर मार दी थी। हादसे में रिक्शा सवार महिला पूजा और उसका बेटा घायल हो गया था। पुलिस ने स्कॉर्पियो चला रहे विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
अदालत में पेश नहीं होने के कारण साल 2016 में गैर जमानती वारंट जारी कर दिए गए थे। अब गाजियाबाद में वारदात के बाद आरोपी विकास अदालत पहुंचा और हादसे के मुकदमे में एसीजेएम-प्रथम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। जमानती उपलब्ध नहीं होने के कारण आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पत्नी की कर दी थी गोली मारकर हत्या
गाजियाबाद स्थित राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी में मंगलवार सुबह विकास कुमार का पत्नी से पासपोर्ट और आधार कार्ड को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद विकास ने रूबी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह पत्नी के शव को खींचकर रसोईघर में ले गया और दरवाजा बंद कर मौके से भाग गया था। उसकी लोकेशन बुधवार को मुजफ्फरनगर पाई जा रही थी लेकिन पुलिस आरोपी को नहीं तलाश पाई। मृतका की बेटी काव्या की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।