संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। मेरठ–करनाल हाईवे पर टूटी पुलिया के पास से सरूरपुर पुलिस और स्वॉट टीम देहात ने घेराबंदी कर 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर राहुल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। राहुल शर्मा निवासी जोगी थाना कंकरखेड़ा पर अलग-अलग थाने में गैंगस्टर समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को सरूरपुर पुलिस और स्वॉट टीम देहात को राहुल शर्मा के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को आता देख आरोपी ने बचने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे टूटी पुलिया के पास दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और आवश्यक जानकारी जुटाई।
सीओ ने बताया कि राहुल शर्मा के खिलाफ मेरठ के अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते उसके खिलाफ सरूरपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।