महिला कांस्टेबल संध्या भारद्वाज के अपहरण के आरोपी गैंगस्टर व हिस्ट्रीशीटर अंकित चौहान ने मंगलवार दोपहर पुलिस को चकमा देते हुए कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुराने मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर यह कदम उठाया। सूचना लीक होने पर क्राइम ब्रांच कचहरी पहुंची, लेकिन इससे पहले ही अंकित कोर्ट में पेश हो गया। जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
25 वर्षीय महिला कांस्टेबल संध्या भारद्वाज की आठ फरवरी रविवार रात शादी थी और बारात आनी थी। शनिवार देर रात वह अचानक लापता हो गई थी। उसके पिता ने बहसूमा थाने में मवाना थाने के हिस्ट्रीशीटर व गैंगस्टर ढिकोली निवासी अंकित चौहान के खिलाफ बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि रविवार दोपहर पुलिस ने संध्या को बक्सर से सकुशल बरामद कर लिया था लेकिन अंकित चौहान पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका था।
एनकाउंटर के डर से किया सरेंडर
गैंगस्टर अंकित चौहान की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी अविनाश पांडेय ने पुलिस की चार टीमें गठित की थीं साथ ही क्राइम ब्रांच भी अलग से लगी हुई थी। अंकित को इस बात का डर सता रहा था कि यदि वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया तो उसका एनकाउंटर किया जा सकता है। जब कचहरी में भी घेराबंदी शुरू हुई तो वह और अधिक डर गया। इसी डर और मौके का फायदा उठाते हुए मंगलवार को उसने सेशन कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने संध्या भारद्वाज के अपहरण के आरोपी अंकित चौहान के कोर्ट में सरेंडर करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर कोर्ट में पेश हुआ और जेल चला गया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी और जरूरी जानकारी हासिल करेगी।