सिपाही से पिस्टल छीनकर भागा आरोपी मुठभेड़ में दबोचा, इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज निलंबित
मेरठ। सरधना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म और छात्रा की मौत के मामले में आरोपी कस्टडी से सिपाही की पिस्टल छीनकर भाग गया। पुलिस ने घेराबंदी कर मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली मारी और उसे दोबारा दबोचा। इस प्रकरण में पुलिस की लापरवाही देखते हुए एसएसपी ने इंस्पेक्टर सरधना बृजेश सिंह और चौकी इंचार्ज सलावा केके मौर्य को निलंबित कर दिया है। वहीं पुलिस ने तीसरे आरोपी राजा को गिरफ्तार किया है।
सरधना थानाक्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार सुबह दसवीं की छात्रा के साथ चार आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर उसे जहरीला पदार्थ देकर मार दिया। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी लखन और उसके दोस्त विकास को गिरफ्तार किया था। शनिवार को दोनों आरोपियों को पुलिस कोर्ट में पेश करने ले जा रही थी। पुलिस के मुताबिक सरधना-नानू मार्ग पर बाहुबली फैक्टरी के पास मुख्य आरोपी लखन उर्फ अभय ने सिपाही सितम सिंह की पिस्टल छीन ली और साथी विकास के साथ गाड़ी से कूदकर भागने लगा। पुलिस ने गोली मारने की चेतावनी दी, जिस पर विकास रुक गया, जबकि लखन भाग गया।
पुलिस ने एक आरोपी के भागने की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। स्थानीय पुलिस और मेरठ से सर्विलांस की टीम ने जंगल की घेराबंदी कर दी। कुछ देर में मुठभेड़ के बाद लखन को दबोच लिया। पैर में गोली लगने से घायल लखन को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती करा दिया। सीओ सरधना आरपी शाही ने बताया कि आरोपी लखन ने सिपाही की पिस्टल से पुलिस पर गोलियां चला दी थीं, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। आरोपी लखन और विकास पर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के अलावा पुलिस से लूट और हमले करने का दूसरा केस दर्ज किया गया। वहीं, पुलिस ने इस मामले में तीसरे आरोपी राजा को भी गिरफ्तार किया है। एक आरोपी अभी फरार है।