फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंगानगर में घर से 26 कारतूस बरामद, तीन संदिग्ध युवक फरार   

Fri, 02 Feb 2018 12:38 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
गंगानगर की पॉश कॉलोनी में बृहस्पतिवार को किराएदार का सत्यापन करने पहुंचे सिपाही और होमगार्ड पर युवक ने पिस्टल तान दी। सिपाही के शोर मचाने पर घर में मौजूद तीन संदिग्ध युवक स्विफ्ट कार से फरार हो गए। पुलिस ने घर की तलाशी ली तो वहां से 12, 315 और .32 बोर के 26 कारतूस बरामद हुए। अंदेशा है कि तीनों युवक कार से भारी संख्या में हथियार लेकर फरार हुए हैं। 
विज्ञापन

यह मामला गंगानगर की यशोदा कुंज कॉलोनी का है। पुलिस के अनुसार थाना गंगानगर का बीट कांस्टेबिल धर्मवीर सिंह बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे एक होमगार्ड को लेकर कॉलोनी में रह रहे किराएदारों का सत्यापन कार्य करने पहुंचा था। इस दौरान फाइनेंसर विवेक शर्मा के मकान नंबर 160 के बाहर तीन युवक खडे़ थे। पुलिस को देखकर तीनों युवक हड़बड़ा गए। सिपाही ने इन युवकों से आईडी के बारे में पूछा तो वह इधर-उधर देखने लगे। तभी एक युवक ने सिपाही को पिस्टल दिखाकर रौब गालिब करने का प्रयास किया। सिपाही के टोकने पर युवक ने पिस्टल लाइसेंसी बताकर अंदर कर ली। शक होने पर सिपाही ने घर की तलाशी देने को कहा।

25 मिनट में काफी कुछ समेटा
युवक सिपाही से बोले कि हम यहां किराए पर रहते हैं। अभी आईडी दिखाते हैं। यह कहकर दो युवक आईडी लाने की बात कहकर घर के अंदर चले गए जबकि तीसरा युवक सिपाही से बातें करने लगा। इस घर में तीन कमरे हैं। करीब 25 मिनट तक युवक ने सिपाही और होमगार्ड को बातों में उलझाए रखा और उन दोनों युवकों ने कमरे से बैगों में काफी कुछ सामान समेट लिया। देर ज्यादा होने पर जब सिपाही युवक के साथ घर में घुसा तो दोनों युवक दूसरे कमरे से होते हुए बैग लेकर स्विफ्ट गाड़ी में जाकर बैठ गए। इस बीच सिपाही व होमगाड को अंदर छोड़कर तीसरा युवक भी कमरों से होता हुआ गाड़ी में पहुंच गया और युवक फरार हो गए। 
विज्ञापन


साहब! गड़बड़ है, तुरंत आ जाओ 
तीनों युवकों के भागने के बाद सिपाही धर्मवीर ने एसओ गंगानगर दिनेश चंद को कॉल कर कहा कि साहब कुछ गड़बड़ है। तीन युवक कॉलोनी से भागे हैं। उनके पास हथियार भी हैं। इतना सुनते ही एसओ मौके पर पहुंचे। सूचना पर एसपी देहात राजेश कुमार और सीओ सदर देहात विजय प्रकाश भी पहुंचे। युवकों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया गया। लेकिन उनका सुराग नहीं मिला। 

घर में कारतूस व मैगजीन मिली
पुलिस ने घर की तलाशी ली तो एक बैग में पिस्टल की मैगजीन में सात कारतूसों के अलावा 12 बोर के 10 और 315 बोर के नौ कारतूस बरामद हुए। कुल 26 कारतूसों के अलावा अलग-अलग कंपनी के करीब डेढ़ दर्जन सिम, तीन मोबाइल फोन, एक फोर्ड फिगो कार और अन्य सामान मिला है। पुलिस को अंदेशा है कि तीनों युवक संदिग्ध थे। पुलिस ने मकान मालिक का पता लगाकर मोबाइल फोन पर बात की। 

एक माह से किराए पर थे 
पुलिस के मुताबिक मकान मालिक विवेक शर्मा ने बताया कि एक महीने पहले उन्होंने मकान किराये पर दिया था। एक साल के किराए के एग्रीमेंट में हरजीत सिंह निवासी तारापुर हस्तिनापुर की आईडी लगी है। कुछ पैसा एडवांस में दिया हुआ है। पुलिस ने आईडी की जांच हस्तिनापुर से कराई है। 

कई तरह की चर्चाएं
एक युवक के पिस्टल दिखाने पर सिपाही धर्मवीर को शक हुआ था कि कुछ गड़बड़ है। आरोपियों मेें एक सिख युवक बताया गया है। जिसे लेकर अलग-अलग चर्चाएं भी हैं। सिपाही को बातों में उलझाकर तीनों युवक फरार हुए हैं। काफी तलाश के बाद भी उनकी लोकेशन नहीं मिली। दिनेश चंद, एसओ गंगानगर

जांच चल रही है
घर से कारतूस मिले हैं। अंदेशा है कि आरोपी युवक अवैध हथियार लेकर फरार हुए हैं। एक युवक हस्तिनापुर निवासी बताया जा रहा है, जिसकी जांच चल रही है। -राजेश कुमार, एसपी देहात 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें