मनोहरपुर गंगा पुल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते एसडीएम संतोष कुमार स्रोत संवाद
पांडव नगर चौकी के पास सड़क पर उतरा पानी, भीकुंड तिराहे पर पुलिस ने लगाया बैरियर
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर (मेरठ)। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। बुधवार सुबह बिजनौर बैराज से गंगा में 1.62 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग पर पांडव नगर पुलिस चौकी के पास सड़क पर पानी आने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। इससे बिजनौर की ओर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद एसडीएम संतोष कुमार ने खादर क्षेत्र में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बस्तोरा नारंग के जंगल में गंगा का पानी पहुंच गया है। एसडीएम ने बताया कि गंगा का जलस्तर अभी सामान्य स्थिति और पूरी तरह नियंत्रण में है। लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। खादर क्षेत्र में सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया गया है। जलस्तर बढ़ने और सड़क पर पानी आने के कारण वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए हस्तिनापुर पुलिस ने भीकुंड तिराहे पर बैरियर लगाकर मार्ग को बंद कर दिया है। इसके चलते चांदपुर बिजनौर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ा। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
उधर, लगातार हो रही बारिश से खादर क्षेत्र के कई गांवों के संपर्क मार्ग भी जलमग्न हो गए हैं। भीकुंड तिराहे के पास हस्तिनापुर रोड पर पानी भरने से वाहनों के आवागमन में दिक्कत रही। वहीं, लतीफपुर-डांडी गांव के संपर्क मार्ग पर भी पानी भर गया। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण दीपक का कहना है कि बारिश और गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण खादर क्षेत्र में हर वर्ष संपर्क मार्ग प्रभावित होते हैं। बुधवार को भी मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को जरूरी काम के लिए आने-जाने में परेशानी हुई। पुलिस ने लोगों से जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचने की अपील की है। वहीं खादर क्षेत्र के तारापुर, दूधली, बस्तोरा नारंग, किशनपुर, लतीफपुर, आदि दर्जनों गांवों के जंगल में लगातार डेढ़ महीने से पानी भरा होने से फसल भी गल कर नष्ट होने लगी है।